मुंबई के कुर्ला में बड़ा हादसा: तेज बारिश से पहाड़ी का हिस्सा ढहा, 2 की मौत, 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

मुंबई के कुर्ला में बड़ा हादसा: तेज बारिश से पहाड़ी का हिस्सा ढहा, 2 की मौत, 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

Mumbai Kurla Gaushiya Chawl Landslide: मुंबई के कुर्ला इलाके में तेज बारिश के बीच बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां गौशिया चाल परिसर में पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबा दो से तीन घरों पर जा गिरा, जिससे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हुई है। जबकि 6 से 8 लोगों के मलबे में दबे होने की जानकारी सामने आई है। इस बीच, मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की मेयर रितु तावड़े और अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्वी उपनगर) अविनाश ढाकने ने भूस्खलन स्थल का दौरा किया है।

अधिकारियों ने बताया कि कुर्ला में चिराग नगर के गौशिया चाल में राठौड़ मेडिकल के पास सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 6 से 8 लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

दो-तीन घरों पर गिरा पहाड़ी का मलबा

बताया जा रहा है कि गौशिया चाल परिसर में पहाड़ी का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आसपास बने दो से तीन घर आ गए। मलबा गिरने से घरों में मौजूद लोग उसके नीचे दब गए।

स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मलबा हटाकर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे फंसे लोगों में विकी यादव, वाजिद अली, आरिफ शेख, मन्नत, आबन शेख और सद्दाम शेख के नाम सामने आए हैं। हालांकि, बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मलबे में वास्तव में कितने लोग फंसे हैं।

अग्निशमन दल, NDRF और पुलिस मौके पर

हादसे की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल, NDRF और मुंबई पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। बचाव दल मलबा हटाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के कारणों और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *