इटावा में एग्रो मार्ट की आड़ में किसानों और व्यापारियों को सस्ते दामों पर अनाज और बीज उपलब्ध कराने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। साइबर सेल की सतर्कता से सामने आए मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा किया।
इंडिया मार्ट पोर्टल से निकालते थे व्यापारियों के नंबर आरोपियों ने थोक व्यापार के लिए इस्तेमाल होने वाले इंडिया मार्ट पोर्टल पर अपनी फर्म का रजिस्ट्रेशन करा रखा था। इसी पोर्टल पर रजिस्टर्ड अन्य व्यापारियों के मोबाइल नंबर निकालकर उनसे संपर्क करते थे। इसके बाद सस्ते दामों पर अनाज, बीज और अन्य कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने का लालच देकर सौदे तय करते और एडवांस के नाम पर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। आधी रकम लेकर बंद कर देते थे संपर्क एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी सामान भेजने के नाम पर ग्राहकों से कुल रकम की करीब आधी राशि पहले अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। पैसा मिलने के बाद आरोपियों की ओर से संपर्क खत्म कर दिया जाता था। इसके बाद दूसरे व्यापारियों और किसानों को इसी तरीके से अपना शिकार बनाया जाता था। कुछ पीड़ितों को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। दर्जनों लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोप पुलिस के अनुसार आरोपी देश के विभिन्न राज्यों के व्यापारियों और अन्य लोगों के साथ ठगी कर चुके हैं। ऑनलाइन मिली शिकायतों की जांच के दौरान साइबर सेल को गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 20 बैंक खाते इस्तेमाल किए थे। पुलिस ने इन खातों को बंद कराया है। अधिक दबाव पड़ने पर आरोपियों ने कुछ लोगों की रकम वापस भी की थी।


