प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के लोहंगपुर गांव निवासी संजू देवी ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संजू देवी के अनुसार, उनका विवाह 3 मार्च 2019 को नगर कोतवाली क्षेत्र के सगरा गांव निवासी नवनीत के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति नवनीत, सास विमला और ननदें सुमन, किरन व रूपा कथित तौर पर दहेज की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित कर रही थीं। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया। आरोप है कि 30 मई 2024 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद वह अपनी मां के साथ मायके चली आईं और तब से वहीं रह रही हैं। संजू देवी के एक बेटा और दो बेटियां हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति नवनीत, सास विमला और ननद सुमन, किरन व रूपा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


