धौलपुर में कोतवाली पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चंबल बजरी प्रकरण और फायरिंग के 2 वांछित आरोपी शामिल हैं, जबकि 4 अन्य को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने चंबल बजरी से जुड़े आरईसीएल प्रकरण में आरोपी रविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। लगभग डेढ़ वर्ष पहले एक फैक्ट्री परिसर में हुई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में चंबल बजरी (लगभग 500 ट्रॉली) पकड़ी गई थी। पुलिस को इस मामले में रविंद्र सिंह की तलाश थी। कोटला मोहल्ले में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी इमरान को गिरफ्तार किया। दोनों वांछित आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गश्त के दौरान शराब पीते पकड़े 4 आरोपी
इसके अलावा कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में पैदल गश्त की। गश्त के दौरान जगन चौराहे पर 2 व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पाए गए, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी तरह, घंटाघर क्षेत्र में भी 2 अन्य लोग सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।


