मप्र हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया ने सोमवार को जस्टिस अमित लाहोटी को हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इसके पूर्व रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह ने उनके नियुक्ति-पत्र का वाचन किया। कोर्ट नंबर-एक में आयोजित समारोह में जस्टिस लाहोटी ने कहा कि मैं हर केस की सुनवाई ओपन माइंड, पेंशेंस, डिग्निटी और रिस्पेक्ट के साथ करूंगा। न्याय पालिका की गरिमा को बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ग्वालियर की उनके व्यक्तित्व निर्माण में बड़ी भूमिका रही है। उन्हें बार से बहुत कुछ सीखने के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने हमेशा सिखाया कि परिस्थितियां अनुकूल हों तो धरातल पर रहना चाहिए। जब परिस्थितियां विपरीत हों तो पूरी ताकत से उसका सामना करना चाहिए। समारोह में राज्य शासन की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, केन्द्र सरकार की ओर से असिस्टेंट सॉलीसिटर जनरल सुनील जैन, स्टेट बार कौंसिल की ओर से दीपेन्द्र सिंह कुशवाहा आदि मौजूद थे।

