कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह शिवभक्तों की सेवा के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में देवगन सिनेमा की ओर से भी कांवड़ियों की सेवा के लिए दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। 9 और 10 अगस्त को लगाए गए इस शिविर में कांवड़ लेकर गुजर रहे शिवभक्तों को जूस, पानी और केले वितरित किए गए। देवगन सिनेमा की ओर से मेरठ में पहली बार इस तरह का सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में देवगन सिनेमा की पूरी टीम उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कांवड़ियों की सेवा में जुटी रही। टीम के सदस्यों ने सड़क से गुजर रहे कांवड़ियों को रोककर उन्हें पानी और जूस पिलाया और केले वितरित किए। गर्मी और लंबी दूरी तय कर रहे शिवभक्तों ने भी शिविर में रुककर कुछ देर आराम किया और जलपान ग्रहण किया। देवगन सिनेमा की टीम ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था के साथ-साथ सेवा और सहयोग का भी पर्व है। शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए खुशी और सौभाग्य की बात है। इसी भावना के साथ दो दिन तक शिविर लगाकर कांवड़ियों को आवश्यक जलपान उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान टीम के सदस्य लगातार सेवा में लगे रहे।

