गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसी बीच खोड़री थाना क्षेत्र के बढ़ावनढांड-पीपरखूंटी मार्ग पर स्थित खूंटी नाले को पार करने की कोशिश में एक बुजुर्ग बाइक सवार तेज बहाव की चपेट में आ गया। बाइक समेत नाले में गिरने के बाद बुजुर्ग ने किसी तरह खुद को संभाला और सुरक्षित बाहर निकल आया। यह घटना ऐसे समय में हुई जब लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उफनते नदी-नालों को पार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। लगातार बारिश के बाद खूंटी नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था, जिससे पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। पुल के दोनों ओर लोग फंसे हुए थे और जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे। जानिए क्या है पूरा मामला इसी दौरान, एक बुजुर्ग बाइक सवार वहां पहुंचा और उफनते नाले को पार करने का प्रयास करने लगा। किनारे पर मौजूद लोगों ने उसे आवाज लगाकर रोकने की कोशिश की और नाला पार न करने की हिदायत दी। हालांकि, बुजुर्ग ने किसी की बात नहीं मानी और अपनी बाइक लेकर तेज बहाव वाले पानी में उतर गया। जैसे ही बाइक नाले के बीच पहुंची, तेज बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते बाइक समेत बुजुर्ग पानी में जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों की कुछ पल के लिए सांसें थम गईं। कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग पानी से बाहर निकलने में सफल रहा। सुरक्षित बाहर निकला गनीमत रही कि इस हादसे में बुजुर्ग की जान बच गई। यह घटना एक बार फिर बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने के खतरनाक रवैये को उजागर करती है। तेज बहाव में एक छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। इस पूरी घटना को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। हादसे का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


