मैनपुरी में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में पूर्व सांसद एवं वीरांगना फूलन देवी की जयंती मनाई। जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फूलन देवी के संघर्षपूर्ण जीवन, राजनीतिक सफर और समाजवादी पार्टी से उनके जुड़ाव को याद किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कश्यप समाज को पार्टी संगठन से जोड़कर सपा को बूथ स्तर तक मजबूत करना रहा। कार्यक्रम संयोजक महेंद्र सिंह कश्यप ने फूलन देवी के सामाजिक और आर्थिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए आगे बढ़ने का उदाहरण है। वक्ताओं ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर दिया, जिसके बाद वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर लोकसभा पहुंचीं और संसद में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। सपा नेताओं ने फूलन देवी की राजनीतिक विरासत को कश्यप समाज के प्रतिनिधित्व और अधिकारों से जोड़ते हुए समाज के लोगों से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। जिला महासचिव रामनरायन बाथम ने कश्यप समाज से अपने राजनीतिक अधिकारों और भागीदारी के लिए संगठित होकर आगे आने की अपील की तथा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आग्रह किया। जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य ने कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस दौरान पार्टी से जुड़े सुखवीर सिंह यादव, गंगाराम जाटव और सत्यम यादव का जन्मदिन भी मनाया गया और जिलाध्यक्ष ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यक्रम में जय सिंह कश्यप, तोताराम यादव, योगेंद्र सिंह पाल, महाराज सिंह शाक्य, खुमान सिंह वर्मा, देवेंद्र सिंह यादव, अर्पण उर्फ आशू वर्मा, रजनीश मिश्रा, अखिलेश कश्यप, ज्योति मैसी, सुमन दिवाकर, अशोक सिंह चौहान, लक्ष्मी यादव, हरवीर सिंह प्रजापति और हरिप्रकाश यादव समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


