अलवर शहर के जनाना अस्पताल में एक महिला ने एक साथ तीन बेटियों को जन्म दिया। तीनों बच्चियां स्वस्थ हैं। अस्पताल में डॉक्टर प्रियांशी, इंदू और जयवीर की टीम ने महिला की नोर्मल डिलीवरी कराई। जन्म के समय तीनों बच्चियों का वजन कम होने के कारण उन्हें निगरानी के लिए नर्सरी वार्ड में रखा गया था। अब तीनों की हालत पूरी तरह ठीक है और सोमवार को उन्हें सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। किशनगढ़ के बृहसिंगपुर निवासी रुकसीना को 7 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव कराया, जिसमें महिला ने तीन बेटियों को जन्म दिया। पहली बच्ची का वजन 1440 ग्राम, दूसरी का 1580 ग्राम और तीसरी बच्ची का वजन 1220 ग्राम है। कम वजन के चलते तीनों को नर्सरी में मशीन की निगरानी में रखा गया, जहां उनकी लगातार देखभाल की गई। रुकसीना के पति मुस्ताक ने बताया कि पहले उनके एक बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन जन्म के बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद दूसरा बेटा हुआ, जो अब करीब छह साल का है। इसके बाद करीब पांच-छह साल तक संतान नहीं हुई। मुस्ताक ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि परिवार में बेटियां आएंगी और अब एक साथ तीन बेटियां मिलने से पूरा परिवार बेहद खुश है। डॉ. टेकचंद ने बताया कि रुकसीना को 7 अगस्त को अस्पताल में भर्ती किया गया था। प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद सामान्य प्रसव कराया गया। तीनों बच्चियों का वजन कम था, इसलिए उन्हें नर्सरी वार्ड में रखा गया था। अब तीनों बच्चियां स्वस्थ हैं। फिलहाल मां और तीनों बच्चियां अस्पताल में भर्ती हैं।

