बुलंदशहर के छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 41 बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 137 के दौरान टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन पर सोमवार दोपहर 12 बजे एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कमांडेंट लवलेश पंघाल के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से डॉ. संदीप राघव ने एनसीसी कैडेट्स को टीबी के लक्षण और इसके नि:शुल्क इलाज की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। डॉ. राघव ने कैडेट्स को बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना और भूख न लगना टीबी के प्राथमिक लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने जोर दिया कि सही समय पर जांच और नियमित दवाइयों से इस बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सभी कैडेटों को पर्चे भी वितरित किए गए। कैंप कमांडेंट लवलेश पंघाल ने अपने संदेश में कहा, “टीबी कोई असाध्य बीमारी नहीं है। केवल जागरूकता और सही समय पर इलाज ही इसे जड़ से खत्म कर सकता है। ” उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से देश को टीबी मुक्त बनाने के सपने को साकार करने और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैंप कमांडेंट ने डॉ. संदीप राघव को बटालियन का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी कर्नल प्रियदर्शन चौधरी, कैप्टन यजवेंद्र कुमार, लेफ्टिनेंट अवजीत कुमार सिंह, लेफ्टिनेंट धर्मेंद्र सिंह, सूबेदार मेजर धर्मवीर सिंह, केयर टेकर सचिन कुमार, ऑफिसर ममता रानी, ऑफिसर आशा चौधरी, जीसीआई सृष्टि अग्रवाल सहित समस्त पीआई स्टाफ और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

