देवरिया में युवती से दुष्कर्म का आरोप:फिल्म में हीरोइन बनाने का दिया था झांसा, पुलिस हिरासत में आरोपी हुआ बीमार

देवरिया में युवती से दुष्कर्म का आरोप:फिल्म में हीरोइन बनाने का दिया था झांसा, पुलिस हिरासत में आरोपी हुआ बीमार

देवरिया में फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म के आरोप में युवक के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेने के कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तीन बजे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती ने सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने आरोप लगाया कि पोखरभिंडा निवासी विनायक पुत्र दिनेश प्रसाद ने खुद को फिल्म निर्माता बताया और उसे फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा दिया। इसी बहाने उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती की तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार को विनायक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने रविवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। लगभग तीन घंटे बाद दोपहर दो बजे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इलाज के बाद स्थिति में आया सुधार तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिस आरोपी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को मिर्गी की बीमारी है। उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार है और वह खतरे से बाहर है। कोतवाल शशिभूषण राय ने जानकारी दी कि युवती की तहरीर पर विनायक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर उसके परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। पुलिस का कहना है कि आरोपी की बीमारी और तबीयत बिगड़ने के कारणों की चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है। दुष्कर्म के आरोपों की जांच भी साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *