करौली में रविवार शाम दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद तेज हवा के साथ करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इस बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। जलसंसाधन विभाग के अनुसार, 24 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण पुरानी कलेक्ट्रेट चौराहा, कोर्ट परिसर के बाहर और एनएच-23 सहित शहर के कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह यातायात भी प्रभावित हुआ। पांचना बांध का जलस्तर 254.90 मीटर हुआ
इस बारिश का असर जिले के सबसे बड़े पांचना बांध पर भी देखने को मिला। बांध का जलस्तर बढ़कर 254.90 मीटर हो गया है। पिछले 24 घंटे में बांध के जलस्तर में लगभग 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पांचना बांध का अधिकतम जलस्तर 258.62 मीटर है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। लगातार बारिश से बांधों और अन्य जलाशयों में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है।

