गोंडा में छात्रवृत्ति पोर्टल पर विद्यालयों की प्रोफाइल लॉक न किए जाने को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभागीय निर्देशों की लगातार अवहेलना करने वाले 363 विद्यालयों पर अब मान्यता रद्द करने की तलवार लटक रही है। इसके साथ ही, आगामी बोर्ड परीक्षा में उन्हें परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की गाज गिरना तय माना जा रहा है। शासन द्वारा बार-बार दिए गए निर्देशों के बावजूद विद्यालय संचालकों की इस लापरवाही को जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिला विद्यालय निरीक्षकगोंडा, डॉ. रामचंद्र ने आज रविवार दोपहर 2:30 बजे वर्चुअल माध्यम से सभी संबंधित विद्यालय संचालकों और प्रधानाचार्यों के साथ एक आपात बैठक की है। बैठक के दौरान, जिला विद्यालय निरीक्षक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी डिफ़ॉल्टर विद्यालय आज ही हर हाल में छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपनी संस्था की प्रोफाइल लॉक करना सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज शाम तक प्रोफाइल लॉक करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो ऐसे विद्यालयों को आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के पात्र नहीं माना जाएगा। इसके अतिरिक्त, लापरवाही बरतने वाले इन विद्यालयों की मान्यता रद्द करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य की होगी। विभाग के इस सख्त रुख से लापरवाह विद्यालय संचालकों में हड़कंप मच गया है। दरअसल, गोंडा जिले में हाईस्कूल के 215 और इंटरमीडिएट के 148 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा अब तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर संस्था की प्रोफाइल लॉक नहीं की गई है। संस्था प्रोफाइल लॉक न होने के कारण छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। गोंडा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर रामचंद्र ने बताया कि रविवार को दोपहर 2:30 बजे वर्चुअल माध्यम से बैठक भी की गई है और लगातार उनके द्वारा फोन भी किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि यदि आज भी विद्यालय प्रोफाइल लॉक नहीं करेंगे, तो उनकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी।

