सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार रात सांप के काटने से साढ़े पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के टेडवा चिलौला गांव निवासी अजय की साढ़े पांच साल की बेटी वर्षा शनिवार रात अपने माता-पिता के साथ चारपाई पर सो रही थी। परिजनों के मुताबिक, रात में गर्मी अधिक होने के कारण वर्षा ने जमीन पर सोने की जिद की। इसके बाद पिता ने घर के अंदर जमीन पर चटाई बिछा दी और बच्ची वहां जाकर सो गई। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद अचानक बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। परिजनों ने देखा कि बच्ची की हालत बिगड़ रही थी। पूछताछ करने पर बच्ची ने सांप के काटने की बात बताई। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन बिना देर किए बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद वर्षा ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बेटी की मौत से पिता अजय और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

