जोधपुर के भगत की कोठी थाना पुलिस ने 2 शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से गाड़ियां चुराते थे। पुलिस ने इस कार्रवाई के लिए करीब 700 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया। भगत की कोठी थानाधिकारी संतोष चौधरी की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। 23 जुलाई को दर्ज हुई थी रिपोर्ट भगत की कोठी थाने में जनता कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार मीणा (42) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे उन्होंने अपनी बाइक (पाई क्लासेज, सेंट एन्स स्कूल के पास) की दीवार के पास खड़ी की थी। शाम 5:30 बजे जब वे वापस लौटे तो बाइक गायब थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी संतोष चौधरी ने चोरी की घटनाओं का एक डेटाबेस तैयार किया। इसके बाद एएसआई सैठाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 7 मोटरसाइकिलें चुराने की बात कबूली टीम ने इलाके के लगभग 700 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने 7 मोटरसाइकिलें चुराने की बात कबूल कर ली। इसके बाद 6 अगस्त को दोनों को गिरफ्तार कर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने सुनील चौधरी (30) पुत्र पुखराज चौधरी (निवासी 48, रतन मुनी नगर, सांगरिया, बासनी) और जोगसिंह (20) पुत्र शिवसिंह (निवासी 63, रतन मुनी नगर, सांगरिया, बासनी) को गिरफ्तार किया। आरोपी सुनील के खिलाफ पहले से वाहन चोरी के 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। अब चोरी के अन्य मामलों को लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे कुछ और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।

