एटा के माध्यमिक विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर यह अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक तीन चरणों में चलेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ना है। अभियान के पहले चरण में विद्यालयों की दीवारों और बोर्ड को तिरंगा आधारित कलाकृतियों से सजाया गया। साथ ही, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इस दौरान, देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैनिकों और पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए छात्रों से आभार पत्र भी लिखवाए गए।
जनपद के महारानी लक्ष्मीबाई कन्या इंटर कॉलेज एटा, जनता इंटर कॉलेज अवागढ़, श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज जैथरा, राजकीय हाई स्कूल मोहम्मद नगर बझेरा, श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज एटा, क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज एटा, भारतीय इंटर कॉलेज न्यौराई और आदर्श इंटर कॉलेज जलेसर सहित कई माध्यमिक विद्यालयों में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के आगामी चरणों में विद्यालयों में तिरंगा रैली, स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिताएं और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 से 15 अगस्त के बीच घरों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों तथा शहीद स्मारकों पर ध्वजारोहण और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा रैली निकाली जाएगी, जिसके प्रारंभ से पूर्व ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। विद्यालयों में खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसी स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के समापन पर आगंतुकों के अभिभाषण के बाद बच्चों को मिष्ठान और फल वितरित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने निर्देश दिए हैं कि हर घर तिरंगा अभियान के सभी कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा अभियान के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

