सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नेशनल हाईवे 30 के किनारे ले-बाई रोड पर अचानक टायर फटने से एक ट्रक की डीजल टंकी फट गई। इसके बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों ट्रक खाली थे और घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फायर सर्विस की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु रहा। घटना शनिवार को करीब दोपहर दो बजे थाना क्षेत्र के जमीयतपुर स्थित गप्पू मार्केट के पास मिडवे ढाबे के निकट हाईवे की ले-बाई रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार हाईवे के किनारे ट्रक ले-बाई के बराबर में दो ट्रक खड़े थे। इसी दौरान वाहन संख्या UP34 AT 1171 के टायर में अचानक तेज धमाका हुआ। टायर फटने के बाद ट्रक की डीजल टंकी क्षतिग्रस्त होकर फट गई, जिससे देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़े दूसरे ट्रक संख्या UP34 AT 2607 को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों ट्रकों में आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर सर्विस को दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद दोनों ट्रकों को सुरक्षित बचाया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों वाहन खाली थे और घटना के दौरान कोई व्यक्ति ट्रक में मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। क्षतिग्रस्त ट्रक संख्या UP34 AT 1171 के स्वामी रामसेवक गुप्ता निवासी गुरु नानक नगर कॉलोनी, सीतापुर बताए गए हैं, जबकि दूसरे ट्रक UP34 AT 2607 के स्वामी अय्यूब खान निवासी भूसेला गोरिया, लहरपुर थाना लहरपुर बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों वाहन स्वामियों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस के मुताबिक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और हाईवे पर आवागमन सामान्य है।


