मऊ पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने शनिवार दोपहर 3 बजे रानीपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, विभिन्न अभिलेखों और शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में त्योहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और जनसुनवाई रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को समय पर अद्यतन और व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और हिस्ट्रीशीटर से संबंधित मामलों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसपी ने सीसीटीएनएस शाखा, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बंदीगृह, बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, शौचालय और थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने नियुक्त महिला आरक्षी को फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के बाद नियमित रूप से फीडबैक लेने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर दिया कि महिला संबंधी शिकायतों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए। इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष रानीपुर सहित सभी पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने तथा पुलिस कार्यालयों एवं अन्य स्थानों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


