गोंडा एसपी विनीत जायसवाल ने शनिवार दोपहर 2:30 बजे गोंडा रिजर्व पुलिस लाइन में 301 ग्राम चौकीदारों को साइकिलें बांटीं। इस पहल से चौकीदार अपने-अपने गांवों में बेहतर ढंग से गश्त कर सकेंगे। साइकिल मिलने के बाद चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी थानों और चौकियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस इन सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों पर शिकंजा कसेगी। चौकीदारों को 24 घंटे अपने गांव पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, विवाद या कानून व्यवस्था से संबंधित जानकारी बिना किसी देरी या दबाव के पुलिस तक पहुंचाने को कहा गया है। इन साइकिलों से चौकीदार आसानी से अपने कार्यक्षेत्र में भ्रमण कर सकेंगे, जिससे पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संबंध स्थापित होंगे। चौकीदार लोगों को पुलिस के नियमों, अधिकारों, कानूनों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक कर सकेंगे। एसपी विनीत जायसवाल ने कहा, “हमने 301 चौकीदारों से सीधा संवाद किया है और उन्हें अपने-अपने कार्य क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के लिए निशुल्क साइकिलें वितरित की हैं। सीओ सदर अभिषेक दावाच्यां, प्रतिसार निरीक्षक गोंडा पुलिस लाइन अजय प्रताप सिंह मौजूद रहे।


