ललितपुर-महरौनी मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बुलेरो कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक पर बैठे दंपति को कुचल दिया। इस दुर्घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरिया निवासी 22 वर्षीय प्रीतम अपनी 20 वर्षीय पत्नी रूपाली का इलाज कराने के लिए बाइक से ललितपुर मेडिकल कॉलेज आ रहा था। सिलावन और छिल्ला गांव के बीच महरौनी-ललितपुर मार्ग पर प्रीतम ने बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी और वे उतरने ही वाले थे।
इसी दौरान ललितपुर से महरौनी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बुलेरो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों के परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायलों को ललितपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल पति-पत्नी का उपचार किया गया है, लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।


