हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला की तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर आज सुबह एक प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, इस हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। बतया जा रहा है कि बस बैरागढ़ देवी कोठी से चंबा की ओर जा रही थी। इस दौरान शर्मा बस चालुंज मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अति दुर्गम क्षेत्र की वजह से बस में कितने यात्री सवार थे और कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी भी आधिकारिक जानकारी नहीं है। प्रशासन मौके के लिए रवाना प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे में हुए जान-माल के नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इस खबर को हम अपडेट कर रहे हैं..

