IGI Airport पर जब्त हुआ 869 ग्राम सोना, खिलौने वाले स्कूटर के टायरों में छिपाकर लाया था यात्री

IGI Airport पर जब्त हुआ 869 ग्राम सोना, खिलौने वाले स्कूटर के टायरों में छिपाकर लाया था यात्री

नयी दिल्ली, सात अगस्त दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर जेद्दा से मुंबई होते हुए पहुंचे एक यात्री को सोने की तस्करी करने के आरोप में पकड़ा गया, जिसे उसने खिलौने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर के टायर में छिपाया हुआ था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, खुफिया सूचना और यात्री की जानकारी के आधार पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने छह अगस्त को हवाई अड्डे के टर्मिनल-एक पर दिल्ली पहुंचने के बाद यात्री को रोक लिया।

बयान में कहा गया कि यात्री जेद्दा से मुंबई और वहां से दिल्ली पहुंचा था। उसके पंजीकृत सामान में घरेलू उपयोग की वस्तुओं के साथ खिलौने वाला एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी था। सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, बैग और पंजीकृत सामान की ‘एक्स-रे’ जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई दीं।

हालांकि, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) से गुजरते समय कोई चेतावनी संकेत नहीं मिला, फिर भी अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की गहन जांच की। जांच के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर के टायरों के भीतर बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए 24 कैरट सोने के 19 कटे हुए टुकड़े बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 869.5 ग्राम था। अधिकारियों के अनुसार, इन्हें तस्करी के उद्देश्य से छिपाया गया था।

सीमा शुल्क विभाग ने इस संबंध में तस्करी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *