कन्नौज में लगातार तीन दिनों तक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। यहां डीएम-एसपी ने भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। अंतिम दिन दोनों पालियों में 1519 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर तीसरे दिन भी दो पालियों में नकल विहीन परीक्षा कराई गई। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी बिनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों की व्यवस्थाओं को देखा। बुधवार को प्रथम पाली की परीक्षा में 3696 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन परीक्षा में 2911 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। प्रथम पाली में कुल 785 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह द्वितीय पाली में 3608 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन यहां 2874 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 734 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 1519 अभ्यर्थियों ने अंतिम दिन पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा छोड़ दी। एसपी बिनोद कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के प्रयासों से सतत निगरानी तथा सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी व सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिससे अभ्यर्थियों का चयन प्रक्रिया के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।


