अलवर में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम, जिला कलक्टर ने किया महिलाओं का सम्मान

अलवर में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम, जिला कलक्टर ने किया महिलाओं का सम्मान

अलवर शहर के प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय ‘नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में उत्साह देखने को मिला। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवभारत निर्माण और देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के सफर के उपलक्ष्य में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम की कमान अलवर की जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने संभाली। इस दौरान जिले भर से बड़ी संख्या में आईं महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की महिला लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। ऑडिटोरियम का माहौल नारी शक्ति के जयकारों से गूंज उठा।

विकास में महिलाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने वाली सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ का वितरण रहा। मंच पर मौजूद मुख्य अतिथियों और जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत चुनी गईं महिला लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से बड़े डमी चेक सौंपे।

सहायता राशि और आर्थिक संबल के ये चेक पाकर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कलेक्टर ने इस मौके पर कहा कि राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और जब एक महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है, तो पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है।

सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर किया गया जागरूक

इस खास नारी चौपाल के दौरान महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न महिला केंद्रित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मंच से महिलाओं को बताया कि कैसे वे सरकारी मदद से खुद का छोटा बिजनेस या रोजगार शुरू कर सकती हैं। साथ ही, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी उन्हें जागरूक किया गया। चौपाल में मौजूद महिलाओं ने भी प्रशासन के साथ अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं।

नवभारत के निर्माण में नारी शक्ति का योगदान

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश ने प्रगति के नए आयाम छुए हैं और इसमें महिलाओं का योगदान अतुलनीय रहा है। ‘नारी शक्ति वंदन’ जैसे कार्यक्रम समाज में महिलाओं के सम्मान को बढ़ाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का काम करते हैं।

इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठी हर जरूरतमंद महिला तक समय पर पहुंचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *