भीलवाड़ा में एक 35 साल की महिला से होटल में रेप करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद भी आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा और पैसे वसूलता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मौका मुआयना किया और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले आरोपी युवक उसे एक मंदिर में दर्शन करवाने लेकर गया था। आरोप है कि इसके बाद युवक उसे एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। घटना के बाद आरोपी लगातार महिला को ब्लैकमेल करता रहा और उससे रुपए की मांग करता रहा। आरोपी युवक और महिला के घर आसपास होने के कारण दोनों के बीच पहले से परिचय था। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को अपने झांसे में लिया। महिला मजदूरी का कार्य करती है और लंबे समय तक आरोपी की कथित धमकियों व दबाव के कारण चुप रही। आरोपी के लगातार ब्लैकमेल करने और पैसों की मांग से परेशान महिला ने आखिरकार अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित होटल में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।


