ग्वालियर में चॉकलेट फैक्ट्री पर पथराव:फैक्ट्री के गेट के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

ग्वालियर में चॉकलेट फैक्ट्री पर पथराव:फैक्ट्री के गेट के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एक चॉकलेट फैक्ट्री के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पार्किंग विवाद के बाद पड़ोसी परिवार के कुछ लोगों ने फैक्ट्री पर पथराव कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर फैक्ट्री संचालक और पड़ोसी परिवार के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी परिवार के महिला और पुरुष सदस्य फैक्ट्री के बाहर जमा हो गए और पथराव शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोग फैक्ट्री परिसर के अंदर तक घुस गए और वहां भी पत्थर फेंके। मालिक और कर्मचारियों ने छिपकर जान बचाई घटना के समय फैक्ट्री मालिक सुशील बेहरानी और कर्मचारी अंदर मौजूद थे। उन्होंने छिपकर जान बचाई। पथराव के कारण फैक्ट्री परिसर को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है। यह पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके फुटेज पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं। फैक्ट्री संचालक सुशील बेहरानी ने गिरवाई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार ने जानबूझकर हमला किया और फैक्ट्री में घुसकर पथराव किया। दूसरी ओर, पड़ोसी पक्ष ने भी फैक्ट्री संचालक पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज किया मामला मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरवाई पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *