नोएडा में सड़क किनारे संभल के एक युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद सड़क जाम कर दिया। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और जांच का आश्वासन दिया। मृतक की पहचान संभल तहसील के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव निबौरा निवासी 30 वर्षीय बृजेश पुत्र गजेंद्र के रूप में हुई है। बृजेश नोएडा के सेक्टर 62 में ओला स्विफ्ट डिजायर गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। बीते रविवार शाम को गाड़ी मालिक ने बृजेश के परिवार को सूचना दी कि उसका शव सर्फाबाद रोड किनारे मिला है। परिवार के सदस्य नोएडा पहुंचे और शव को लेकर गांव आ गए। मंगलवार को पुलिस को सूचना देने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शाम करीब 05:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घर लौटते समय परिजनों ने खिरनी पुलिस चौकी के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सचिन कुमार और सीओ कुलदीप कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी, तभी भीड़ में से एक युवक ने सीओ को धक्का दे दिया। पुलिस को आक्रोशित परिजनों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शाम 07:05 बजे पुलिस ने जाम खुलवा दिया। पुलिस ने परिजनों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर चले गए। भाई वीरपाल ने बताया कि उनके भाई की हत्या गांव के रघुवीर, सियाराम, शीशपाल, सुरेश और संजीव ने पुरानी रंजिश के चलते की है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि घटना नोएडा की है लेकिन परिवार के लोग युवक के शव को गांव ले आए थे। कल घटना की जानकारी मिली थी और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था, आज पोस्टमार्टम हुआ है। पूरे मामले में जांच की जा रही है जो भी दोषी होगा, कठोर कार्रवाई की जाएगी।


