आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन:सीतापुर में मारपीट में घायल की मौत के बाद फूटा आक्रोश

आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन:सीतापुर में मारपीट में घायल की मौत के बाद फूटा आक्रोश

सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र के बेनी माधवपुर गांव में पानी निकासी को लेकर हुए विवाद में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार देर शाम ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देवकलिया के पास महमूदाबाद-विश्व मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, बेनी माधवपुर गांव में 2 जून को पानी निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें मौजीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद सोमवार रात लखनऊ में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उनका आरोप था कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने देवकलिया के निकट महमूदाबाद-विश्व मार्ग पर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) महमूदाबाद वेद प्रकाश, थाना सदरपुर और थाना रामपुरकलां की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने और मार्ग खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद स्थिति सामान्य कराने के प्रयास जारी रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *