सीतापुर में भाजपा नेता को दबंगों ने मारी गोली:चुनावी रंजिश में बाइक सवार तीन लोगों पर फायरिंग का आरोप, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

सीतापुर में भाजपा नेता को दबंगों ने मारी गोली:चुनावी रंजिश में बाइक सवार तीन लोगों पर फायरिंग का आरोप, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे भाजपा नेता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दबंगों ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री पर फायरिंग कर दी, जिसमें गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में गंभीर हालत में जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। थाना क्षेत्र के बनिहार गांव निवासी 38 वर्षीय सुखदीप सिंह पुत्र मंगल सिंह, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री हैं। मंगलवार शाम को वह बाजार से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि घर से करीब 400 मीटर पहले चुनावी रंजिश रखने वाले अजय यादव, धर्मेंद्र यादव और अरुण यादव एक ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे और उन्हें रोककर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली सुखदीप सिंह की पीठ में जा लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे चुनावी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *