मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के कोरिगवा गांव में मंगलवार शाम एक किसान पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे शुरुआती इलाज के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, कोरिगवा के रहने वाले चंद्रिका पटेल (49 साल) मंगलवार शाम अपने बगीचे में आम के पेड़ों की रखवाली कर रहे थे। इसी बीच एक जंगली सूअर वहां आ धमका और उसने अपने नुकीले दांतों से पैर पर हमला कर दिया। बगीचे में आम के पेड़ों की कर रहे थे रखवाली इस हमले में चंद्रिका पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, जिसके बाद जंगली सूअर वहां से भाग निकला। घरवालों ने आनन-फानन में घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया। रीवा मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में डॉक्टर ने चंद्रिका पटेल का शुरुआती इलाज किया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए, उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर आरके पाठक ने बताया कि घायल व्यक्ति को काफी गंभीर चोटें आई थीं, इसलिए उसे मेडिकल कॉलेज रीवा भेजा गया है।


