हाथरस में बदला मौसम का मिजाज:आसमान में छाए घने बादल और चली धूल भरी आंधी, गर्मी से मिली थोड़ी राहत

हाथरस में मंगलवार शाम अचानक बदले मौसम के मिजाज ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। शाम करीब 6:30 बजे आसमान में घने बादल छा गए, जिसके बाद लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। यह स्थिति करीब एक घंटे तक बनी रही, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। पिछले तीन दिनों से जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी था। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तेज आंधी के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को धूल के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। वहीं कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना भी मिली। मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही हाथरस सहित आसपास के जिलों के लिए मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने अलीगढ़, आगरा, बुलंदशहर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई थी। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि आंधी और बारिश के समय पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों से दूर रहें। साथ ही अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *