झज्जर में 20 जून तक चलेगा जनकल्याण अभियान:जनकल्याण शिविर, प्रगति पथ यात्राएं, रोजगार मेले और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के माध्यम से लोगों तक पहुंचेंगी योजनाएं

झज्जर में 20 जून तक चलेगा जनकल्याण अभियान:जनकल्याण शिविर, प्रगति पथ यात्राएं, रोजगार मेले और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के माध्यम से लोगों तक पहुंचेंगी योजनाएं

झज्जर जिले में केंद्र और हरियाणा सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए 20 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में जनकल्याण शिविर, प्रगति पथ यात्राएं, रोजगार मेले, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। डीसी ने कहा कि अभियान के दौरान जिलेभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। विशेष रूप से आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी और विभिन्न बीमा योजनाओं से जुड़ने पर जोर दिया जाएगा। प्रगति पथ यात्राओं से होगा प्रचार-प्रसार अभियान के तहत जिले में प्रगति पथ यात्राएं भी निकाली जाएंगी। एसडीएम की निगरानी में आयोजित इन यात्राओं में एनसीसी, एनएसएस, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यात्राओं के माध्यम से विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का होगा आयोजन डीसी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के आयोजन के लिए आईटीआई परिसर गुढ़ा को संभावित स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। सम्मेलन में सरकारी योजनाओं का लाभ ले चुके लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे अन्य पात्र नागरिक भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें। वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान पर विशेष फोकस 20 जून तक जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। वन विभाग को पौधारोपण के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वच्छता अभियान के तहत झज्जर, बहादुरगढ़ और बेरी के शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के सहयोग से गांव-गांव स्वच्छता गतिविधियां आयोजित होंगी। विकास प्रदर्शनी में दिखेंगी सरकार की उपलब्धियां अभियान के दौरान जिले में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा प्रचार डीसी ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत ऑफलाइन कार्यक्रमों के साथ-साथ ऑनलाइन गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें चित्रकला प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना और योजनाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शामिल रहेगा। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग शिक्षा विभाग के सहयोग से इन गतिविधियों का संचालन करेगा। युवाओं और किसानों पर भी रहेगा फोकस अभियान के दौरान रोजगार विभाग द्वारा रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। वहीं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। पशुपालन विभाग पशु मेलों के माध्यम से पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देगा। बैठक में एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम रितु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *