आशा भोसले को दिया जाएगा संगीतमय ट्रिब्यूट:जयपुर में गूंजेंगे सदाबहार गीत, 13 जून को सिंगर वीणा मोदानी के निर्देशन में होगी प्रस्तुतियां

आशा भोसले को दिया जाएगा संगीतमय ट्रिब्यूट:जयपुर में गूंजेंगे सदाबहार गीत, 13 जून को सिंगर वीणा मोदानी के निर्देशन में होगी प्रस्तुतियां

भारतीय संगीत जगत की स्वर साम्राज्ञी एवं पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले को समर्पित एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन 13 जून को श्याम नगर स्थित वीणा मोदानी अकादमी में किया जाएगा। दोपहर 2:45 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिभाशाली एवं उत्साही गायक आशा भोसले के सदाबहार और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें सुरों का नमन करेंगे। इस कार्यक्रम का मंगलवार को पोस्टर लाँच किया गया। इस दौरान सिंगर वीणा मौदानी भी मौजूद रही। कार्यक्रम का आयोजन वीणा मोदानी अकादमी की ओर से किया जा रहा है। आयोजन के दौरान आशा भोसले के संगीत सफर के विभिन्न पड़ावों से जुड़े गीतों को प्रस्तुत किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उनकी गायकी की विविधता, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और भारतीय फिल्म संगीत में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में श्रोताओं को पुराने दौर के मधुर गीतों से लेकर कई चर्चित और लोकप्रिय रचनाएं सुनने का अवसर मिलेगा। अकादमी की निदेशक, वरिष्ठ गायिका एवं राजस्थान की आशा भोसले अवार्ड से सम्मानित वीणा मोदानी ने बताया कि यह आयोजन केवल एक संगीतमय प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले ने अपने लंबे और सफल संगीत सफर में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी है तथा उनकी गायकी आज भी संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। वीणा मोदानी ने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकार आशा भोसले के विभिन्न दौर के गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत करेंगे। इसके माध्यम से उनके संगीत की बहुआयामी शैली और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। उन्होंने संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय श्रद्धांजलि का हिस्सा बनने की अपील की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *