रायपुर के मंदिर हसौद निवासी स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव के परिवार की मदद के लिए सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ ने 1 लाख 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह राशि समाज के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और समाज के लोगों के सहयोग से जुटाई गई। समाज के प्रतिनिधियों ने परिवार से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। कुछ दिन पहले भुवनेश्वर यादव की हत्या कर दी गई थी। वे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके हत्या के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता जताई गई। इसी को देखते हुए समाज ने आर्थिक सहयोग अभियान चलाकर राशि एकत्र की और दशगात्र कार्यक्रम के दौरान परिवार को सौंपी। दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है समाज प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि पूरा यादव समाज पीड़ित परिवार के साथ है और आगे भी हर संभव मदद करता रहेगा। उन्होंने बताया कि यह सहयोग महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष धनमती यादव के मार्गदर्शन और मगधा यादव समाज रायपुर के जिलाध्यक्ष गजानंद यादव की ने पहल की। समाज की एकता बनी सबसे बड़ी ताकत मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार यादव ने सहयोग करने वाले सभी समाजजनों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और आपसी सहयोग ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में मुकेश यादव, राम यादव, अनिल यादव, शेखर यादव, जितेश यादव, ओमप्रकाश यादव, बलवंत यादव, बल्ला यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को हिम्मत देने की प्रार्थना की। क्या थी पूरी घटना रायपुर के पार्षद ने 2 दोस्तों के साथ मिलकर मोनेट कपंनी के ऑपरेटर की महासमुंद में हत्या कर दी। 22 मई की रात ग्राम नकटा में भुवनेश्वर यादव (31) ने नोहर दास (35) के साथ बैठकर शराब पी थी। नोहर मंदिर हसौद में निर्दलीय पार्षद है। इस दौरान उनके बीच मोहल्ले में पानी को लेकर विवाद हो गया। नशे में भुवनेश्वर ने नोहर दास को ये कहकर थप्पड़ मारा कि तू पार्षद बन गया है, तो बड़ा आदमी बन गया है। थप्पड़ से नाराज पार्षद ने अपने 2 साथियों संग मिलकर भुवनेश्वर को कार से महासमुंद ले गए। चलती कार में भुवनेश्वर की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए उसका शव महानदी किनारे रेत में दफना दिया था। 28 मई को पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव निकाला। मामला महासमुंद थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पार्षद समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।


