धौलपुर जिला अग्रवाल महासमिति ने जिला कलेक्टर के नाम एसडीएम कर्मवीर सिंह को 2 अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। ये ज्ञापन करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव के कथित बयान के विरोध में कार्रवाई और जयपुर की किशोरी वंशिका गर्ग को न्याय दिलाने की मांग को लेकर दिए गए।
समाज के पदाधिकारियों ने सांसद के इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय पर उचित कार्रवाई न होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के नाम दिए गए एक ज्ञापन में अग्रवाल महासमिति ने आरोप लगाया कि सांसद भजनलाल जाटव द्वारा वैश्य समाज के प्रति दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। महासमिति ने इसे समाज के सम्मान पर सीधा आघात बताते हुए बयान की कड़ी निंदा की। ‘बयान से संकीर्ण मानसिकता को दर्शाया’
ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी समाज विशेष के प्रति अशोभनीय टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। एक संवैधानिक पद पर रहते हुए इस प्रकार की टिप्पणी उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाती है।
महासमिति ने मांग की कि सांसद सार्वजनिक रूप से वैश्य समाज से माफी मांगें और नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषि मित्तल ने कहा कि वैश्य समाज सदैव राष्ट्र निर्माण, व्यापार, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में समाज विशेष के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज इस प्रकार के बयानों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। आंदोलन तेज करने की चेतावनी
वहीं दूसरे ज्ञापन में महासमिति ने जयपुर के प्रताप नगर निवासी मनीष गर्ग की 15 वर्षीय पुत्री वंशिका गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। समाज ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में असंतोष व्याप्त है। महासमिति ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर दंड सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान अग्रवाल समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। उन्होंने दोनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।


