प्रतापगढ़ शहर के नीमच नाका तिराहे पर देर रात कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी चालक घायल हो गया। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और विवाद हो गया। कार चालक हर्षवर्धन ग्वाला ने स्कूटी चालक पर मारपीट और वाहन तोड़फोड़ के आरोप लगाए। घटना के बाद से हर्षवर्धन लापता है। घटना रात करीब 11:30 बजे हुई। टक्कर में घायल स्कूटी चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट में घायल हर्षवर्धन को भी जिला अस्पताल लाया गया। हादसे के बाद मौके पर दोनों पक्षों की ओर से लोग जमा हो गए, जिससे विवाद और बढ़ गया। अस्पताल में भी दोनों पक्षों में कहासुनी अस्पताल परिसर में हर्षवर्धन के परिजन और परिचित पहुंचे तो दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव, कोतवाली थाना अधिकारी शंभू सिंह झाला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने समझाइश कर स्थिति को शांत किया। परिजनों ने कोतवाली थाने में दर्ज कराया मामला घटना के बाद हर्षवर्धन के भाई अनिल ग्वाला ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में मारपीट, जानलेवा हमले और वाहन तोड़फोड़ के आरोप लगाए। साथ ही बताया कि घटना के बाद से हर्षवर्धन लापता है। डीएसपी गजेंद्र सिंह राव ने बताया -मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लापता युवक का पता लगाना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


