फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र के गांव खेड़ा में एक युवक ने कथित तौर पर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव खेड़ा निवासी आकाश पुत्र राजेश उर्फ पप्पू यादव (28) के रूप में हुई है। आकाश अविवाहित था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, नौकरी न मिल पाने के कारण आकाश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। उसे शराब पीने की भी लत थी। सोमवार देर रात आकाश ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने घर पर देशी तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में आकाश को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना टूंडला पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने स्वयं को गोली मारी है। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


