रफ्तार का कहर : शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक पुरुष की गई जान

रफ्तार का कहर : शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक पुरुष की गई जान

जालंधर | जालंधर- लुधियाना हाईवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। पहले हादसे में मेरिटन होटल के पास एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से टक्कर मार दी, जिसमें इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा हादसा लम्मा पिंड चौक के पास हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई है। दूसरा हादसा : सोमवार को सुबह 11 बजे लम्मा पिंड चौक के पास इंडियन ऑयल डिपो के बाहर सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान करतारपुर निवासी कैलाश कौर के रूप में हुई है। कमलजीत सिंह अपनी पत्नी कैलाश कौर के साथ स्कूटी पर सवार होकर फगवाड़ा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे इंडियन ऑयल डिपो के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कैलाश कौर उछलकर सड़क पर गिर गईं और वाहन की चपेट में आने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में कमलजीत सिंह को भी गंभीर चोटें आई हैं। ट्रैफिक पुलिस एसआई राज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस मामले की जांच कर है। पहला हादसा : परागपुर के सामने मेरिटन होटल के पास कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। चश्मदीद कमलेश कुमार ने बताया कि सफेद रंग की बलेनो कार तेज गति में थी। रास्ते में एक रिक्शे को ओवरटेक करने के चक्कर में कार चला रही युवती ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बाइक को सामने से सीधे टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद दोनों युवकों को लहूलुहान हालत में नजदीकी जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उपचार के दौरान दम तोड़ने वाले नौजवान की पहचान प्रशोत्तम लाल के रूप में हुई है। वह पेशे से बिजली (इलेक्ट्रिशियन) का काम करता था। हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की पहचान मंदीप उर्फ मुकेश के रूप में हुई है। मुकेश की दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर आया है। जौहल अस्पताल के डॉक्टर अमित चौधरी ने बताया कि जब दोनों को अस्पताल लाया गया, तब प्रशोत्तम की हालत गंभीर थी। अत्यधिक खून बह जाने के कारण देर रात करीब 1:50 बजे उसने दम तोड़ दिया। वहीं, मुकेश की सुबह 5 बजे सर्जरी की गई है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। होश आने पर मुकेश ने बताया कि कार में कुल 4 युवतियां सवार थीं। परिजनों और चश्मदीदों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई करने के बजाय कार सवार युवतियों के भाइयों के साथ करीब 45 मिनट तक बातचीत करने में व्यस्त रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *