सहारनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन है। जिले के 29 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इससे पहले सोमवार को पहले दिन दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें 5,366 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली और दूसरी पाली को मिलाकर कुल 25,728 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 20,362 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5,366 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। कुल उपस्थिति 79.15 प्रतिशत और अनुपस्थिति 20.85 प्रतिशत दर्ज की गई। पहली पाली में 12,864 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,165 उपस्थित रहे और 2,699 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 79.02 प्रतिशत रही। वहीं दूसरी पाली में 12,864 अभ्यर्थियों में से 10,197 ने परीक्षा दी और 2,667 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 79.27 प्रतिशत दर्ज की गई। सबसे बड़े परीक्षा केंद्र जेवी जैन कॉलेज, प्रद्युमननगर में दोनों पालियों में कुल 1,920 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,503 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 417 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज में 1,200 में से 932 और इस्लामिया इंटर कॉलेज में 1,200 में से 978 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले गहन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। केंद्रों पर पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। मंगलवार को परीक्षा के दूसरे दिन भी प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र के साथ निर्धारित पहचान पत्र लाने की अपील की है। पहले दिन का आंकड़ा कुल पंजीकृत अभ्यर्थी : 25,728 परीक्षा में शामिल : 20,362 अनुपस्थित : 5,366 उपस्थिति प्रतिशत : 79.15 अनुपस्थिति प्रतिशत : 20.85


