थाने से 500 मीटर दूर बदमाश से मुठभेड़:पुलिस टीमें शहर भर में तलाशती रही, सिपाही भर्ती परीक्षा देने आई युवतियों से किया था रेप का प्रयास

थाने से 500 मीटर दूर बदमाश से मुठभेड़:पुलिस टीमें शहर भर में तलाशती रही, सिपाही भर्ती परीक्षा देने आई युवतियों से किया था रेप का प्रयास

लखनऊ में सिपाही भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रही दो दोस्तों के साथ ऑटो चालक ने बहला-फुसला कर सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। बचाव में एक युवती ने आरोपी की उंगली दांत से काट ली। राहगीर को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि लखीमपुर खीरी निवासी दो सहेलियां सिपाही भर्ती परीक्षा देने के लिए मड़ियांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर आई थीं। उनका परीक्षा केंद्र रायबरेली में था। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे दोनों युवतियां मड़ियांव से चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं और वहां से आलमबाग बस स्टेशन जाने के लिए निकली थीं, जहां से रायबरेली के लिए बस पकड़नी थी। 3 तस्वीरें देखिए… रास्ता बंद होने का बहाना बनाकर सुनसान इलाके में ले गया दोनों युवतियां चारबाग से एक ऑटो में सवार हुई थीं। आरोप है कि चालक ने आगे रास्ता बंद होने की बात कहकर ऑटो को मवैया होते हुए पारा थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के पास सुनसान इलाके में पहुंचा दिया। वहां उसने एक युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया। सहेली को परेशान होते देख दूसरी युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के लिए युवती ने आरोपी की उंगली दांत से काट ली। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को देखकर आरोपी ऑटो छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीर ने पुलिस को दी घटना की सूचना राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया और उन्हें परीक्षा दिलाने के लिए रायबरेली भेज दिया। परीक्षा से लौटने के बाद पीड़िता की तहरीर पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद दोनों युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीसीटीवी खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया था। चारबाग से पारा तक के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली पुलिस के अनुसार, तलाश के दौरान मुन्नू खेड़ा पुलिया के पास होने की जानकारी मिली। पुलिस को देखकर नहर पुलिया की तरफ भागा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान हरदोई निवासी हसीब पुत्र सत्तार के रूप में हुई। वो पारा में रहकर ऑटो चलाता था। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी हसीब आदतन अपराधी है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में भी उसने जनपद हरदोई के थाना सण्डीला क्षेत्र में इसी प्रकार की घटना को अंजाम दिया था। जहाँ उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। जिसके लिए वह जेल भी जा चुका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *