सुसाइड अलर्ट मिलते ही हरकत में आई पुलिस, बचाई जान:प्यार में हारे युवक ने किया था जहरीले पदार्थ का सेवन, परिजनों ने किया शुक्रिया

सुसाइड अलर्ट मिलते ही हरकत में आई पुलिस, बचाई जान:प्यार में हारे युवक ने किया था जहरीले पदार्थ का सेवन, परिजनों ने किया शुक्रिया

यूपी पुलिस और मेटा की दोस्ती ने फिर एक युवक की जान बचा ली। मामला मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र का है, जहां प्यार में हारे युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मेटा ने यूपी पुलिस को अलर्ट भेजा जिसके बाद महज 8 मिनट के भीतर पुलिस युवक के घर पहुंच गई और उसे बचा लिया। घटना 7 जून की बताई जा रही है। एक युवक ने सफेद रंग के जहरीले पदार्थ का सेवन करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो पर लिखा था- ‘अब तुम खुश रहना अपनी लाइफ में’। मेटा की सोशल मीडिया सेल एक्टिव हो गई और उसने वीडियो की डिटेल्स जुटानी शुरू कर दी। कुछ ही देर में वीडियो की हिस्ट्री मेटा ने ढूंढ निकाली। यूपी पुलिस की सोशल मीडिया से किया संपर्क
मेटा ने वीडियो की हिस्ट्री जुटाने के बाद यूपी पुलिस के हेड क्वार्टर में संपर्क किया। हेडक्वार्टर टीम ने मेटा को पुलिस की सोशल मीडिया सेल से जोड़ दिया। यूपी पुलिस से वीडियो साझा की गई। मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र की ट्रेस हो गई। हेडक्वार्टर ने मेरठ पुलिस से संपर्क किया, इसके बाद पुलिस टीम एक्टिव हो गई। 8 मिनट के अंदर युवक को बचाया
अलर्ट मिलते ही सरधना थाना पुलिस एक्टिव हो गई। लोकेशन मिल चुकी थी, ऐसे में सरधना पुलिस ने युवक के घर का रुख किया। महज 8 मिनट के अंदर मेरठ की सरधना पुलिस युवक के घर पहुंच गई। घर के अंदर युवक की तलाश हुई तो वह बेसुध मिला। पास ही सफेद तरल पदार्थ वाली बोतल भी पड़ी थी। पुलिस तुरंत युवक को उठाकर अस्पताल पहुंच गई। युवक की पहचान हिमांशु के रूप में हुई। पुलिस की तत्परता से बची जान
सरधना पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उसका ट्रीटमेंट शुरू हो गया। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। चिकित्सकों ने युवक को उपचार देकर उसके शरीर में मौजूद जहर निकाल दिया और युवक की जान बच गई। बेटे की जान बचने के बाद परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद दिया। युवक बोला- अब नहीं होगी दोबारा गलती
युवक की सेहत में सुधार होने के बाद परिजनों से संपर्क किया गया। पूछताछ में पता चला की युवक की गर्लफ्रेंड ने हाल ही में साथ छोड़ दिया, जिसके बाद वह परेशान था और डिप्रेशन में जा रहा था। युवक की उप निरीक्षक आलोक कुमार ने काउंसलिंग की। उसे गलती का एहसास कराया गया। कुछ देर में युवक रोने लगा और उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली। भरोसा दिलाया कि भविष्य में अब ऐसा नहीं होगा। 40 महीने में 3011 लोगों की जान बचाई
अफसरों की मानें तो मेटा का यूपी पुलिस के साथ 2022 में करार हुआ था। करार के अनुसार- फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर आत्महत्या सम्बन्धी पोस्ट की जानकारी मेटा कम्पनी द्वारा तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी। तभी से यह व्यवस्था चली आ रही है। SSP अविनाश पांडे ने बताया कि 1 जनवरी, 2023 से 31 मई, 2026 के बीच मेटा के सहयोग से यूपी पुलिस ने 3011 लोगों की जान बचाई है। इसके लिए यूपी पुलिस सम्मानित भी हो चुका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *