कुशीनगर में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के चलते जिले की परिवहन व्यवस्था पर भारी दबाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को परीक्षा के पहले दिन पड़रौना और कसया बस डिपो पर अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस लौटने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण बसों में क्षमता से ज्यादा यात्री सफर करते नजर आए। विशेष रूप से पड़रौना-गोरखपुर मार्ग पर यात्री दबाव सबसे अधिक दर्ज किया गया। वहीं छपरा-पठानकोट विशेष ट्रेन के रूट डायवर्जन के कारण कई परीक्षार्थी रेल सेवा का लाभ नहीं ले सके, जिससे सड़क परिवहन पर अतिरिक्त भार बढ़ गया। देखें, 5 तस्वीरें… बस स्टेशनों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके परिजन बसों की प्रतीक्षा करते दिखाई दिए। पर्याप्त सीटें उपलब्ध न होने के कारण अधिकांश सरकारी, अनुबंधित और निजी बसें पूरी तरह भरी रहीं। कई यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी, जबकि कुछ लोगों ने निजी वाहनों और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लिया। परिवहन विभाग के कर्मचारी लालसाहब ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए निगम की 43 बसों का विशेष संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा अनुबंधित बसों तथा अन्य जिलों से आने वाली बसों का भी नियमित संचालन जारी है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी निजी वाहनों और अन्य साधनों से भी यात्रा कर रहे हैं, इसलिए फिलहाल अतिरिक्त अनुबंधित बसों की आवश्यकता महसूस नहीं हुई है। परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी देर रात तक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे और बसों के संचालन पर लगातार निगरानी रखी गई। उल्लेखनीय है कि कुशीनगर में तीन दिनों तक चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में परीक्षा अवधि के दौरान बस स्टेशनों और प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की भीड़ बनी रहने की संभावना है।


