श्रीगंगानगर। सदर थाना क्षेत्र के नाथांवाला के निकट गंगनहर में डूबने से एक किशोर और उसे बचाने के लिए नहर में कूदे एक श्रमिक की मौत हो गई। रविवार दोपहर कालूवाला हैड पर नहाने के दौरान हुए इस हादसे के बाद नागरिक सुरक्षा दल और पुलिस ने लगातार तलाश अभियान चलाया। करीब 24 घंटे बाद सोमवार को दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।
सदर थाने के एएसआई शरीफ खान ने बताया कि गांव बनवाली रेलवे मालगोदाम में मजदूरी करने वाले कुछ श्रमिक रविवार को अवकाश होने के कारण कालूवाला हैड पर घूमने और नहाने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ मटीलीराठान निवासी रवि नायक (16) पुत्र हीरालाल भी था, जो इन दिनों अपने ननिहाल आया हुआ था। सभी ने नहर में नहाने के लिए छलांग लगा दी।
इस दौरान नहर के तेज बहाव में रवि नायक फंस गया और बाहर निकलने का प्रयास करने लगा। रवि को संघर्ष करते देख बनवाली निवासी विजय मेघवाल (35) उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़ा। हालांकि तेज बहाव के कारण वह भी खुद को संभाल नहीं पाया और दोनों पानी में बह गए। हादसे के समय उनके साथ मौजूद प्रिंस नायक, राजेश नायक और शंकर नायक तैराक होने के कारण सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन रवि और विजय का कोई पता नहीं चला।
रेस्क्यू अभियान चलाया
घटना की सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा दल के गोताखोरों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। एसआई शरीफ खान ने बताया कि रविवार शाम तक चले सर्च अभियान के दौरान दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सोमवार सुबह फिर से नहर में तलाश अभियान शुरू किया गया। तलाश के दौरान नाथांवाला क्षेत्र के पास सबसे पहले रवि नायक का शव बरामद हुआ। गोताखोरों ने शव को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
क्षेत्र में गमगीन माहौल
इसके बाद दोपहर बाद गांव पठानवाला के समीप लोहे के पुल के पास विजय मेघवाल का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गमगीन माहौल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रवि नायक को डूबता देख विजय मेघवाल बिना देर किए उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़ा। लेकिन गंगनहर के तेज बहाव के आगे वह भी बेबस हो गया। लोगों का कहना है कि विजय ने मानवता का परिचय देते हुए किशोर की जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों की जान चली गई।


