पांचवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत:एल्डिको सिटी के स्काईवॉक टावर में शटरिंग का काम करते समय हुआ हादसा

पांचवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत:एल्डिको सिटी के स्काईवॉक टावर में शटरिंग का काम करते समय हुआ हादसा

लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित एल्डिको सिटी के स्काईवॉक टावर में सोमवार सुबह निर्माणाधीन इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह शटरिंग लगाने का काम कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बहराइच के सुजौली निवासी रामकुमार साहनी एल्डिको सिटी स्थित स्काईवॉक टावर में मजदूरी करते थे। सोमवार सुबह वह टावर की पांचवीं मंजिल पर शटरिंग लगाने के काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि निर्माण कार्य ठेकेदार मनोज के माध्यम से कराया जा रहा था। पांच मंजिला स्काईवॉक टावर में दीवारों का निर्माण पूरा हो चुका था और छत डालने की तैयारी चल रही थी। हादसे के बाद निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *