ललितपुर में जामनी नदी में रविवार शाम नहाते समय डूबे एक किसान का शव सोमवार दोपहर बरामद कर लिया गया। डीआरएफ (आपदा प्रतिक्रिया बल) टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खोज निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महरौनी कोतवाली अंतर्गत ग्राम बारचौन निवासी 42 वर्षीय रवि उर्फ आशाराम पुत्र चऊदे रविवार शाम गांव के बाहर जामनी नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वह नदी के गहरे भराव क्षेत्र में चले गए और पानी में डूब गए।
वहां मौजूद अन्य लोगों ने यह देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी। रविवार देर शाम तक गोताखोरों ने उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को डीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसके गोताखोरों ने आशाराम के शव को खोज निकाला। परिजनों ने बताया कि मृतक की तीन पुत्रियां हैं और वह खेती-किसानी का काम करते थे। महरौनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश प्रताप सिंह ने पुष्टि की कि नदी में डूबे युवक का शव मिल गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


