धौलपुर में करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव के कथित बयान के विरोध में रविवार को ब्राह्मण एवं अग्रवाल समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया।
विप्र फाउंडेशन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सांसद का पुतला फूंका गया और उनके खिलाफ नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारी स्टेशन रोड पर एकत्र हुए और वहां से हनुमान तिराहे तक विरोध मार्च निकाला। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सांसद के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बयान को समाज के सम्मान पर आघात बताया और “भजनलाल जाटव मुर्दाबाद” और “माफी मांगो” जैसे नारे लगाए। हनुमान तिराहे पर हुई सभा
हनुमान तिराहे पर पहुंचकर विरोध मार्च एक सभा में बदल गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सांसद भजनलाल जाटव के फोटो में आग लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा को संबोधित करते हुए विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी विशेष समाज के प्रति अमर्यादित टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद के बयान से ब्राह्मण एवं अग्रवाल समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग
वक्ताओं ने सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बयान पर खेद व्यक्त नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस प्रदर्शन में समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


