Rati Agnihotri: बॉलीवुड की ‘मजदूर’, ‘कुली’, ‘मुझे इन्साफ चाहिए’, ‘तवायफ’, और ‘रक्त बंधन’, जैसे फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय से इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस रति अग्निहोत्री ने के. बालाचंदर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ में कमल हासन के साथ हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया। हाल ही में एक इंटरव्यू में, एक्ट्रेस ने इन दो दिग्गजों के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में बात की।
रति अग्निहोत्री ने शेयर किया ‘एक दूजे के लिए’ का एक्सपीरियंस
‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ के साथ बातचीत में, वेटरन एक्ट्रेस ने कहा, ‘एक दूजे के लिए’ के साथ जुड़ी मेरी पहली याद विशाखापत्तनम में आउटडोर शूट की है। हमने कुछ ही महीनों में शूटिंग पूरी कर ली थी, लेकिन उस समय कोई भी फिल्म खरीदने के लिए तैयार नहीं था। एक्टर्स और टेक्नीशियन, दोनों के लिए शूटिंग मुश्किल, थकाऊ और शारीरिक रूप से बहुत मेहनत वाली थी। पथरीले समुद्री तटों पर चलने के बाद हमारे पैरों में छाले पड़ गए थे। लोकेशन ऐसी थी कि किसी भी तरह के जूते-चप्पल पहनना मुमकिन नहीं था, और उस समय विशाखापत्तनम में बहुत गर्मी थी। सिनेमैटिक नजरिए से लोकेशन बहुत खूबसूरत दिखती थीं, लेकिन असल में वो जगहें हमारे लिए बहुत मुश्किल थीं। इसके लिए पूरी टीम की तारीफ करनी होगी।”

‘नहीं पता था मरते दम तक साथ निभाने’ वाले इमोशंस कैसे होते हैं’
इसके आगे फिल्म पर बायत करते हुए रति अग्निहोत्री ने बताया कि के. बालाचंदर ने उन्हें सीन समझने में मदद की थी क्योंकि उन्हें ठीक से तमिल नहीं आती थी। रति ने कहा, “एक शॉट था जिसमें कमल मेरे पेट पर लट्टू घुमाते हैं और मुझे छटपटाना और हंसना था क्योंकि उससे गुदगुदी हो रही थी। फिर एक और सीन था जिसमें उनकी फोटो जलाई जाती है, लेकिन मैं उसकी राख को चाय के कप में मिलाकर पी जाती हूं। मुझे नहीं पता था कि इसे किसी और तरीके से भी किया जा सकता था लेकिन बालाचंदर सर ने मुझे कोई ऑप्शन नहीं दिया था।” उन्होंने आगे कहा, “वह मुझसे कुछ सीन में बागी तेवर दिखाने को कहते थे, लेकिन मुझे पता नहीं था कि बागी होने का क्या मतलब होता है। इसलिए, उन्होंने कहा, ‘गुस्सा दिखाओ।’ मुझे नहीं पता कि मैंने प्यार में डूबी एक युवा महिला की भावनाओं को कैसे दिखाया, वो ‘मरते दम तक साथ निभाने’ वाले इमोशंस… उस समय तो मुझे पता भी नहीं था कि वो कैसे होते हैं। मैंने अपने डायरेक्टर के निर्देशों का पालन किया और इसीलिए मैं अच्छा काम कर पाई।”
कमल हासन के साथ काम करने से डरती थीं रति अग्निहोत्री
रति अग्निहोत्री ने कहा, “कमल हासन जैसे कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण और थोड़ा डरावना अनुभव था। शुरुआत में मैं थोड़ी डरी हुई थी, लेकिन उन्होंने मुझे कभी भी असहज महसूस नहीं होने दिया। कमल बहुत बेहतरीन एक्टर हैं, सेट पर और हर सीन में वो बहुत मददगार रहे। लिफ्ट वाला गाना, ‘मेरे जीवन साथी’, शूट करने में मजा भी आया और लेकिन वो मुश्किल भी था। हमें चेन्नई के ताज होटल के अंदर एक छोटी सी लिफ्ट में आठ घंटे में शूटिंग पूरी करनी थी। कूदते-फांदते और हिलते-डुलते हुए, हमें कैमरा एंगल का भी ध्यान रखना था ताकि हम फ्रेम से बाहर न हो जाएं।”
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज भी लोग ‘एक दूजे के लिए’ को और मेरे किरदार ‘सपना’ को याद करते हैं। हर फिल्म आपको कुछ न कुछ देती है, लेकिन EDKL (एक दूजे के लिए) ने मुझे सब कुछ दिया है।” बता दें कि रति अग्निहोत्री ने 10 साल की उम्र में बॉलीवुड में अपना करियर शुरू किया था, और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिछले साल वो बच्चों की एक फिल्म ‘तोमचि’ में नजर आईं थीं।


