Jaisalmer News: video दुआओं से महके ईदगाह, अकीदत से मनाया ईद-उल-जुहा

Jaisalmer News: video दुआओं से महके ईदगाह, अकीदत से मनाया ईद-उल-जुहा

जैसलमेर. जिले भर में गुरुवार को ईद-उल-जुहा का पर्व अकीदत से मनाया गया और देश में अमन, चैन व खुशहाली के लिए अल्लाह ताला से दुआ की गई। इस मौके पर अल्लाह की इबादत कर एक-दूसरे को ईद-उल-जुहा की मुबारकबाद दी। हजरत इब्राहिम अलेहिसलाम की ओर से अल्लाह के लिए दी गई कुर्बानी को याद कर मुस्लिम भाइयों ने बेरा रोड स्थित कादिमी ईदगाह जाकर ईद की नमाज अदा की। शहर के विभिन्न धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर सांप्रदायिक सद्भाव का परिचय दिया।

इसी तरह शहर के डेडानसर रोड स्थित ईदगाह पर भी ईद की नमाज अदा करने काफी लोग पहुंचे, जहां उन्हें ईद की नमाज अदा करवाई। स्थानीय बाजारों में भी रंग-बिरंगे कपड़ों में सज-धज कर लोग एक दूसरे को ईद की मुबारक देते दिखाई दिए। इस दौरान कई गणमान्य लोगों ने ईदगाह स्थल पर मुस्लिम बंधुओं को ईद की मुबारकबाद दी। जैसलमेर शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईदु-उल-जुहा पर्व अकीदत से मनाया गया।

सामूहिक रूप से नमाज अदा की

पोकरण. त्याग, बलिदान व कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा गुरुवार को कस्बे सहित आसपास के गांवों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर जैसलमेर रोड पर स्थित शाहजहांनी ईदगाह पर सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की व एक दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। बकरीद के मौके पर कस्बे सहित आसपास के गांवों से लोग सुबह आठ बजे ही ईदगाह पर पहुंचने लगे थे और 8.30 बजे तक बड़ी संख्या में गांव से आए लोग ईद की नमाज के लिए एकत्र हुए। ईदगाह पर गोमट जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना जुनैद की रहनुमाई में उपस्थित लोगों ने ईद की नमाज अदा की। मौलवी सलीम ने खुतबा पढ़ा। अब्दुल हई ने तकरीर पेश करते हुए ईद-उल-अजहा व कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डाला। कारी मोहम्मद अमीन ने मुल्क की तरक्की, आतंकवाद को खत्म कर अमन एवं शांति व आपसी भाइचारे को बढ़ावा देने के लिए मालिक से दुआ की।

मोहनगढ़. क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय का पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा गुरुवार को उत्साह, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग नए परिधानों में सजकर रामपुरा स्थित ईदगाह पहुंचने लगे। ईदगाह परिसर में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया तथा लोगों में खुशी का माहौल नजर आया। ईदगाह इमाम कारी मोहम्मद इकबाल ने नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद देश में अमन, चैन, सुख-शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने की दुआ मांगी गई। नमाज सम्पन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोहनगढ़ पुलिस थाना अधिकारी डॉ. गीता बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर तैनात रहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *