सिंगरौली जिले में ईद उल-अजहा का पर्व गुरुवार सुबह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर की बड़ी ईदगाह में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज़ अदा की। इस दौरान देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया। ईदगाह परिसर में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ जुटने लगी थी। प्रशासन ने नमाज़ को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। ईदगाह परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, तहसीलदार, टीआई, आरआई, पटवारी सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। इससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन की लगातार निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सिंगरौली जिले के बैढ़न, मोरवा, सरई, चितरंगी, देवसर और माड़ा सहित विभिन्न इलाकों में भी ईद उल-अजहा का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में लाखों लोगों ने नमाज़ अदा कर एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दीं। पूरे जिले में उल्लास और भाईचारे का वातावरण देखा गया।


