राम रहीम ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम एक युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में दो सगे भाइयों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई घायल पक्ष की तहरीर पर बुधवार देर रात की गई। घायल युवक की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि लगभग 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते थाना पटवाई क्षेत्र के गांव मथुरापुर निवासी रणवीर सिंह और उसके छोटे भाई सत्यवीर सिंह पर दूसरे सत्यवीर नामक युवक को गोली मारने का आरोप है। घटना के तुरंत बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि ऑपरेशन कर उसके सिर से गोली निकाल दी। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल की हालत पहले से बेहतर है और उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना में अवैध तमंचे का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


